जमुई में प्रेम प्रसंग ने मोड़ा वैवाहिक रिश्ता, पति-बेटी को छोड़ प्रेमी संग रचाई शादी

जमुई, बिहार:जिले के टाउन थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला प्रेम प्रसंग सामने आया है, जिसने पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक मूल्यों को कठघरे में खड़ा कर दिया है। एक विवाहिता महिला ने शादी के आठ साल बाद अपने पति और मासूम बेटी को छोड़, अपने प्रेमी से विवाह कर लिया। यह प्रेम प्रसंग कोई सामान्य नहीं, बल्कि रिश्तेदारी के भीतर पनपी एक जटिल कहानी है।

आठ साल की शादी, एक बेटी, फिर नई राह

जानकारी के मुताबिक, विशाल दुबे की शादी आठ वर्ष पूर्व आयुषी से हुई थी। दोनों की एक बेटी भी है। शुरुआती वर्षों में दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन दो साल पहले गांव के ही युवक सचिन, जो रिश्ते में विशाल का दूर का भतीजा बताया जाता है, की आयुषी की जिंदगी में एंट्री हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं और अंततः आयुषी ने अपने वैवाहिक जीवन को छोड़ने का फैसला कर लिया।

शिकायत, विवाद और फिर कोर्ट में आत्मसमर्पण

jamui news bihar

विशाल ने जब पत्नी की बदलती प्राथमिकताओं को महसूस किया, तो महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। समझौते की कोशिशें हुईं, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। हालात बिगड़ते गए और छह दिन पहले आयुषी अपने प्रेमी सचिन के साथ फरार हो गई। विशाल ने टाउन थाना में अपहरण का मामला दर्ज कराया, जिसमें सचिन को मुख्य आरोपी बनाया गया। आरोप था कि सचिन ने हथियार के बल पर आयुषी को जबरन ले गया।

कोर्ट में बयान और मंदिर में विवाह

पुलिस दबाव के चलते दोनों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। अदालत में आयुषी ने स्पष्ट कहा कि वह अपनी मर्जी से सचिन के साथ रहना चाहती है। उसने अपनी नाबालिग बेटी को अपने साथ नहीं रखा, जो अब पिता के पास है। कोर्ट प्रक्रिया के बाद दोनों ने गांव के शिव मंदिर में शादी कर ली।

पुलिस का पक्ष

थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की शिकायत पहले मिली थी, लेकिन बाद में दोनों ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर स्वेच्छा से साथ रहने की बात कही। पुलिस अब इस मामले को “आपसी सहमति का मामला” मानते हुए आगे की प्रक्रिया पूर्ण कर रही है।


Leave a Comment