Samastipur: बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 की अधिसूचना जारी होने के बाद समस्तीपुर जिला प्रशासन ने चुनाव की तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव से जुड़ी तैयारियों और अब तक किए गए कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। डीएम ने सभी कोषांगों की तैयारियों का लिया जायजा बैठक के दौरान जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने निर्वाचन कार्य के लिए गठित विभिन्न कोषांगों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से अब तक किए गए कार्यों और आगे की तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। डीएम ने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और निर्धारित समय-सीमा का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता नहीं बरती जाए। कार्मिक कोषांग को कर्मियों की व्यवस्था का निर्देश समीक्षा बैठक में कार्मिक कोषांग के कार्यों पर भी चर्चा हुई। डीएम ने आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की उपलब्धता, प्रतिनियुक्ति और प्रशिक्षण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। निर्वाचन कार्य में लगाए जाने वाले पदाधिकारियों और कर्मचारियों को उनके दायित्वों की जानकारी देने तथा आवश्यक प्रशिक्षण की व्यवस्था समय पर पूरी करने पर भी जोर दिया गया। परिवहन और सामग्री कोषांग की भी हुई समीक्षा परिवहन कोषांग को निर्वाचन कार्य के लिए पर्याप्त संख्या में वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और उनका समुचित उपयोग करने का निर्देश दिया गया। वहीं सामग्री कोषांग को निर्वाचन से संबंधित आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता, सुरक्षित भंडारण और समय पर वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। यह भी पढ़ें इलाज के दौरान महिला सिपाही की मौत मामले में अस्पताल प्रबंधन ने शुरू की जांच, तीन डॉक्टरों से मांगा गया स्पष्टीकरण, डीएस को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारीडीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पहले से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। प्रेक्षक और मीडिया कोषांग को भी जिम्मेदारी समीक्षा के दौरान प्रेक्षक कोषांग को निर्वाचन प्रेक्षकों से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा गया। वहीं मीडिया कोषांग को निर्वाचन से संबंधित अधिकृत और महत्वपूर्ण सूचनाओं का समयबद्ध तरीके से प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। निर्वाचन कोषांग को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी प्रक्रियाओं का समन्वय करते हुए कार्यों को समय पर पूरा करने की जिम्मेदारी दी गई है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव पर जोर डीएम रोशन कुशवाहा ने सभी कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया है। इसलिए सभी पदाधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता, पारदर्शिता और पूरी तत्परता के साथ निर्वहन करें। गौरतलब है कि बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन 2026 के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी हो चुका है। समस्तीपुर जिले में भी निर्वाचन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन राजेश सिंह सहित विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। यह भी पढ़ें ट्रेन कैंसल: 4 अक्टूबर तक कई ट्रेनें रद्द, कहीं आप न हो जाएं परेशान, अभी पढ़ें पूरा अपडेट… Post navigation लड़की से छेड़खानी मामले पर प्रशांत किशोर का सरकार पर हमला, समस्तीपुर पहुंचने पर बोले- “पुलिसिंग सुधरे बिना अपराध पर लगाम संभव नहीं” समस्तीपुर में तिवारी गिरोह का एक बदमाश दबोचा गया, बाइक सवार उच्चके रूपये और चेन छिनतई के बाद कार सवार को देकर बदल लेते थे अपना लोकेशन